सोलन में ब्लूबेरी की खेती की ओर बढ़ा बागवानों का रुझान

16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोलन। जिला सोलन में बागवान अब पारंपरिक फसलों के साथ नई और लाभकारी फसलों की ओर भी रुख कर रहे हैं। इसी कड़ी में जिले में ब्लूबेरी की खेती को लेकर बागवानों का रुझान बढ़ने लगा है। अब तक चार बागवान ब्लूबेरी की खेती शुरू कर चुके हैं और करीब 1400 वर्ग मीटर भूमि को इसके अंतर्गत लाया गया है।

उद्यान विभाग की ओर से भी जिले में ब्लूबेरी की खेती को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग ने इस वर्ष करीब 35 हेक्टेयर भूमि को ब्लूबेरी की खेती के अंतर्गत लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए बागवानों को नई फसल अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

ब्लूबेरी की बाजार में बढ़ती मांग और अच्छे दाम मिलने की संभावनाओं को देखते हुए बागवान इस फसल में रुचि दिखा रहे हैं। विभाग की ओर से बागवानों को ब्लूबेरी की खेती की तकनीक, पौधरोपण और फसल प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध करवाई जा रही है।

उद्यान विभाग का मानना है कि नई और बाजार आधारित फसलों को अपनाने से बागवानों के लिए आय के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

खबर अभी अभी के लिए सोलन से सतवीर सिंह की रिपोर्ट।

Share the news