
16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | पट्टा बरारी, सोलन

पट्टा बरारी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा बरारी में अग्निशमन विभाग अर्की के तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य दूनी चंद ने की।
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन विभाग अर्की के कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक एवं अन्य आपदाओं से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी दी।
अग्निशमन विभाग की टीम ने प्रदर्शन और व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बचाव के तरीकों को समझाया। विद्यार्थियों को बताया गया कि आग या अन्य आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और सावधानी के साथ कार्य करते हुए स्वयं तथा आसपास के लोगों को सुरक्षित कैसे रखा जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के साथ सक्रिय रूप से भाग लिया और अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, आग से बचाव तथा आपातकालीन स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
विद्यालय के आपदा प्रबंधन प्रभारी एवं प्रशिक्षित स्नातक कला अध्यापक ज्ञान दास ने कहा कि प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण और व्यावहारिक जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की समझ, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिवाकर, सदस्य कमल किशोर और कृष्ण लाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय के शिक्षक सुनील कुमार, परवेश वर्मा, राजेश शर्मा, चंद्र किशोर, योगेश, राकेश, सुधीर, बलबीर, कांता देवी, रीना देवी सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण प्रशिक्षण के लिए अग्निशमन विभाग अर्की के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और जागरूकता बढ़ाने वाला रहा।





