जन्मदिन पर जनसेवा, सरकार पर तीखा हमला

3/8/2026
धर्मशाला
खबर अभी अभी

जन्मदिन को जनसेवा के रूप में मनाते हुए धर्मशाला के विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने दिव्यांग बच्चों, जरूरतमंदों और सामाजिक संस्थाओं की सहायता की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की राजनीति, आपदा राहत, विकास कार्यों और कथित जांच को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता धर्मशाला का विकास है और जनता की सेवा के लिए वे लगातार कार्य करते रहेंगे।
सुधीर शर्मा ने बताया कि सूर्योदय स्कूल के बच्चों की पूरे वर्ष की शिक्षा का खर्च वहन करने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को व्हीलचेयर, हियरिंग एड और आवास निर्माण के लिए भी आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि जन्मदिन को उत्सव की बजाय सेवा के रूप में मनाना उनकी टीम की परंपरा है।
उन्होंने प्रदेश में हाल ही में आई आपदाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार केवल घोषणाएं करती है, जबकि पिछले वर्ष के कई आपदा प्रभावित परिवार आज भी राहत का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने सामाजिक संगठनों और सक्षम लोगों से आगे आकर आपदा पीड़ितों की मदद करने की अपील की।

सरकार द्वारा चल रही जांच और एफआईआर के सवाल पर सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्हें जांच से कोई डर नहीं है और वह हर जांच में पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से उनके परिवार और सहयोगियों के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है।
भाजपा की प्रस्तावित चार्जशीट का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि पार्टी दस्तावेजों के साथ प्रदेश की जनता के सामने तथ्यों को रखेगी। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो चुनाव आयोग और अदालत का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।

धर्मशाला के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि विधायक निधि समय पर जारी नहीं हो रही है और विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके बावजूद भाजपा जनहित के कार्यों में कोई समझौता नहीं करेगी।

कांग्रेस के अंदरूनी मामलों पर पूछे गए सवाल के जवाब में सुधीर शर्मा ने कहा कि यह कांग्रेस का विषय है, लेकिन प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियां सामान्य नहीं हैं और जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा आगामी दिनों में तथ्यों के साथ अपना पक्ष जनता के सामने रखेगी।

Share the news