जिला कुल्लू पुलिस की समीक्षा बैठक आयोजित, अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ कार्रवाई पर जोर

खबर अभी-अभी | कुल्लू

पुलिस लाइन बाशिंग के सभागार में पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस., IPS की अध्यक्षता में जिला पुलिस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह, उप पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार एवं राजीव मेहता सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे, नशे के खिलाफ अभियान, साइबर अपराधों की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और नियमों के पालन समेत विभिन्न पुलिस कार्यों की समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में जिले में रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा पुलिस कर्मियों की समस्याओं और कल्याण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share the news