
18 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते पोंग डैम की महाराणा प्रताप सागर झील का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। पिछले एक सप्ताह में जलस्तर करीब 10 से 12 फुट तक बढ़ने के बाद मंगलवार को पोंग डैम का वाटर लेवल 1357.02 फुट दर्ज किया गया।
पोंग डैम में इस समय करीब 35 हजार क्यूसेक पानी की आमद हो रही है। पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए बीबीएमबी ने 52 फ्लड गेट्स में से 5 गेट खोल दिए हैं। इन गेटों के माध्यम से ब्यास दरिया में करीब 16 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
ब्यास किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील
पानी की बढ़ती आमद को देखते हुए बीबीएमबी की ओर से हिमाचल और पंजाब में ब्यास दरिया के किनारे बसे गांवों में लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा है। लोगों से दरिया के आसपास न जाने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है।
बीबीएमबी ने लोगों को किसी भी तरह का जोखिम न उठाने और प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।
चेतावनी के बावजूद दरिया में सेल्फी लेते नजर आए युवक
इसी बीच कुछ युवक बीबीएमबी की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए ब्यास दरिया के बीच में खड़े होकर सेल्फी लेते नजर आए। बढ़ते जलस्तर के बीच इस तरह की लापरवाही बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।
ब्यास दरिया में पानी का बहाव और जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, ऐसे में दरिया के बीच जाना जानलेवा हो सकता है। लोगों से अपील की गई है कि सेल्फी या अन्य किसी गतिविधि के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें और नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।





