
खबर अभी अभी ,
मंडी,
15 जून।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी मंडी डॉ मदन कुमार ने डडौर से सयोली सड़क मार्ग को 15 जून से 25 जून 2026 तक यातायात के लिए बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार लोक निर्माण विभाग के चक्कर उपमंडल द्वारा उक्त सड़क पर पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य किया जाना है। कार्य की तात्कालिकता तथा सड़क से गुजरने वाले लोगों और वाहनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत यह निर्णय लिया गया है।
आदेशों में कहा गया है कि निर्माण कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। इस अवधि में यातायात को पुराने शिमला-मंडी मार्ग के साई चौक से लस्सी का पधर खंड से होकर संचालित किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है





