
22 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला
शिमला। वॉयस ऑफ केरला द्वारा दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय डिक्लेमेशन प्रतियोगिता में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज के बीबीए द्वितीय वर्ष के छात्र मोहित आनंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में देशभर के 165 कॉलेजों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य समाज में बढ़ती नशे की समस्या के प्रति जागरूकता फैलाना और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना रहा। देशभर से पहुंचे प्रतिभागियों ने प्रभावशाली वक्तव्यों के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश प्रस्तुत किया।
17 से 19 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अन्ना त्रिवेदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि योगेश्वर कृष्ण द्वितीय स्थान पर रहे। संजौली कॉलेज के मोहित आनंद ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ हिमाचल प्रदेश ने पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में स्थान बनाया है।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को सीधे अंतिम चरण में प्रवेश नहीं दिया जाता, बल्कि चयन प्रक्रिया के दौरान उन्हें विभिन्न चरणों और राउंड से गुजरना पड़ता है। आवश्यक चरणों में सफल होने वाले प्रतिभागी ही अंतिम प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करते हैं। ऐसे में मोहित आनंद का अंतिम चरण तक पहुंचकर तीसरा स्थान हासिल करना उनके मेहनत, प्रतिभा और वक्तृत्व कौशल को दर्शाता है।
मोहित आनंद की उपलब्धि पर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज की प्राचार्या प्रो. भारती भागड़ा और बीबीए समन्वयक डॉ. राकेश शर्मा ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने मोहित के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं।






