दयानंद आदर्श विद्यालय कंडाघाट में यूथ पार्लियामेंट का आयोजन, विद्यार्थियों ने निभाई सांसदों और मंत्रियों की भूमिका

6 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कंडाघाट

दयानंद आदर्श विद्यालय कंडाघाट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संसद की कार्यवाही का प्रभावशाली मंचन किया। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री, मंत्रियों, विपक्ष के नेता, स्पीकर और मीडिया प्रतिनिधियों की भूमिकाएं निभाकर संसदीय प्रक्रिया की जानकारी और समझ का परिचय दिया।

कार्यक्रम में धैर्य ने स्पीकर, सुप्रिया ने चीफ सेक्रेटरी, रिद्धिमा कौर ने प्रधानमंत्री और लक्षिता ठाकुर ने विपक्ष के नेता की भूमिका निभाई। इसके अलावा ओजस भारद्वाज ने गृह मंत्री, हिमांशु ने रक्षा मंत्री, मानवी भारद्वाज ने वित्त मंत्री, हर्षिता ने शिक्षा मंत्री, माणिक ने रेल मंत्री, ओजस शर्मा ने सड़क एवं परिवहन मंत्री, आर्यमन ने विदेश मंत्री, सिया ने पर्यावरण मंत्री, पीयूष शर्मा ने खेल मंत्री और जतिन ने स्वास्थ्य मंत्री की भूमिका निभाई। विपक्षी मंत्रियों के रूप में पूजा, जागृति, गीतांजलि, तमन्ना, सोनम, वर्षा, अक्षिता, सात्विक, जय आदित्य, किंजल, कृतिका, दीपिका और पूर्णिमा सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। मीडिया प्रतिनिधियों के रूप में कनिका, लक्षिता, आर्तव और हैप्पी ने भाग लिया, जबकि हार्दिक और पीयूष परिहार ने स्पीकर के संत्री की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त अतिरिक्त निदेशक एवं वर्तमान में राज्य उच्च शिक्षा परिषद के सदस्य प्रमोद चौहान मुख्य अतिथि रहे। सेंट मैरी स्कूल कंडाघाट की प्रधानाचार्या गीतिका विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत श्रीनगर की प्रधान लता मेहता, क्वारग के प्रधान कमल ठाकुर, मही की प्रधान रीना ठाकुर, बाशा की प्रधान कल्पना कश्यप और नगर पंचायत कंडाघाट के पार्षद रवि सेठी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आर्य समाज शिक्षा समिति के प्रधान प्रबोध चंद्र सूद, कोषाध्यक्ष इंद्र सिंह ठाकुर, सदस्य कुलदीप राय कपूर, विद्यालय की प्रधानाचार्या रमा शर्मा, पीटीए प्रधान निशा ठाकुर, अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मंच संचालन विद्यालय के अध्यापक सुरेंद्र ठाकुर और महक भारद्वाज ने किया।

कार्यक्रम के दौरान आर्य समाज शिक्षा समिति के प्रधान प्रबोध चंद्र सूद ने मुख्य अतिथि प्रमोद चौहान को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्या रमा शर्मा ने विशिष्ट अतिथि गीतिका को सम्मानित किया। पंचायत प्रतिनिधियों और मीडिया से पहुंचे अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

मुख्य अतिथि प्रमोद चौहान ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संसद की कार्यवाही को जिस तरह प्रस्तुत किया, वह काबिल-ए-तारीफ है। आर्य समाज शिक्षा समिति के प्रधान प्रबोध चंद्र सूद और प्रधानाचार्या रमा शर्मा ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में योगदान देने वाले अध्यापकों देव शर्मा, कृष्णा शर्मा और सुरेंद्र ठाकुर की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Share the news