देवभूमि कुल्लू में 28 अप्रैल को सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज का भव्य आगमन, ढालपुर मैदान में तैयारियां पूरी

कुल्लू,
देवभूमि कुल्लू एक बार फिर आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति भाव में डूबने को तैयार है। 28 अप्रैल को सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के भव्य आगमन को लेकर ऐतिहासिक ढालपुर मैदान को दुल्हन की तरह सजाया गया है।

आयोजन स्थल पर आकर्षक स्वागत द्वार, विशेष सजावट और व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं, जो इस पावन अवसर को और भी भव्य बना रही हैं। संत निरंकारी मिशन के अनुयायियों और सेवा दल के स्वयंसेवकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। हर कोई अपने सतगुरु के स्वागत के लिए उत्सुक नजर आ रहा है।

इस दिव्य आगमन के साथ ही कुल्लू में 30 अप्रैल से तीन दिवसीय निरंकारी युवा सिम्पोजियम का भी शुभारंभ होगा। यह आयोजन युवाओं को आध्यात्मिकता, सेवा और सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करेगा।

समापन अवसर पर सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज युवाओं को आशीर्वाद प्रदान कर संतुलित, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवन जीने का संदेश देंगी।

ढालपुर मैदान में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, युवा शक्ति और सामाजिक चेतना का संगम बनने जा रहा है, जिसकी शुरुआत 28 अप्रैल को सतगुरु माता जी के आगमन के साथ होगी।

रिपोर्ट: सुषांत शर्मा, कुल्लू ब्यूरो

Share the news