
6/8/2026
मंडी
खबर अभी अभी
मंडी जिले के द्रंग क्षेत्र में निर्माणाधीन नारला-बिजणी सुपर हाईवे के निर्माण कार्य को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से खतरे की जद में आए मसेरण गांव (तहसील पधर) निवासी देवेंद्र सिंह और मुरारी लाल के मकानों में गहरी दरारें आ गईं। प्रशासन के आदेश पर घर खाली करने के बाद गुरुवार को दोनों परिवारों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
उचित मुआवजा और पुनर्वास की मांग
पीड़ित परिवारों का आरोप है कि गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी की लापरवाही के कारण उनके नए बने मकान तबाह हो गए, जिससे उन्हें किराये के मकानों में शरण लेनी पड़ रही है। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने कंपनी और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रभावित परिवारों को तुरंत उचित मुआवजा देने, स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों व कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
विधायक ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हंगामे की सूचना मिलते ही द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों व ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आम जनता की जान-माल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों और निर्माण कंपनी को मामले का जल्द समाधान निकालकर प्रभावितों को न्याय दिलाने की सख्त हिदायत दी।
प्रशासन का पक्ष
उल्लेखनीय है कि सुपर हाईवे की ढलान धंसने और खतरे को देखते हुए 4 अगस्त 2026 को पटवार वृत्त पाली द्वारा दोनों परिवारों को एहतियातन सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट होने का नोटिस जारी किया गया था। मामले पर एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने कहा कि लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण कंपनी को तुरंत आवश्यक सुरक्षा उपाय करने और नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।





