
5 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में अब तक 51 हजार श्रमिकों के कल्याण पर 115 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इनमें कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के 1,047 पंजीकृत कामगार भी शामिल हैं।
अनिरुद्ध सिंह वीरवार को ग्राम पंचायत चमयाना के सामुदायिक भवन में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की ओर से पंजीकृत श्रमिकों के लिए आयोजित एक दिवसीय शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मंत्री ने कहा कि कामगार बोर्ड श्रमिकों के कल्याण के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों के सदस्यों का बोर्ड में पंजीकरण करवाएं, ताकि वे भी सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि कसुम्पटी क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में क्षेत्र की नौ सड़कों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत शामिल किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा और विकास को गति मिल सके।
शिक्षा, स्वास्थ्य और विवाह सहायता सहित कई योजनाओं की जानकारी
बोर्ड अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने श्रमिकों को बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, चिकित्सा, मातृत्व एवं पितृत्व लाभ, विवाह सहायता, पेंशन और अन्य वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। बोर्ड का उद्देश्य श्रमिक परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।
कंवर ने बताया कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में अब तक 1,047 श्रमिक बोर्ड में पंजीकृत हैं। इनमें 106 श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए 27 लाख 72 हजार 600 रुपये की सहायता दी गई है। वहीं, श्रमिकों के बच्चों के विवाह के लिए 2 लाख 4 हजार रुपये वितरित किए गए हैं। इस तरह क्षेत्र में अब तक कुल 29 लाख 76 हजार 600 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।
बोर्ड कर्मचारियों को मिलेगा 10 हजार रुपये का बोनस
नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार कामगार कल्याण बोर्ड के कर्मचारियों को दीपावली के अवसर पर 10 हजार रुपये का बोनस दिया जाएगा। उन्होंने इसे कर्मचारियों के योगदान को सम्मान देने और उनका उत्साह बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
नौ महिला लाभार्थियों को बांटे इंडक्शन चूल्हे
शिविर के दौरान मुख्य अतिथि ने शिमला वृत्त की नौ महिला लाभार्थियों को इंडक्शन चूल्हे वितरित किए। इस दौरान लाभार्थियों ने बोर्ड की योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर, नगर निगम शिमला के पार्षद नरेंद्र ठाकुर, विनय शर्मा और विशाखा मोदी, पूर्व मंडल कांग्रेस अध्यक्ष राम किशन शाडिल, ग्राम पंचायत चमयाना की प्रधान लीला देवी, उपप्रधान रतन चंद ठाकुर, पूर्व प्रधान चियोग दिनेश जगटा, श्रम कल्याण अधिकारी श्रेय शर्मा सहित बोर्ड के प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आसपास की पंचायतों के प्रधान एवं उपप्रधान, बड़ी संख्या में कामगार और स्थानीय लोग भी शिविर में शामिल हुए।





