
16 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू
प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक, निर्माता और पटकथा लेखिका किरण राव ने कुल्लू जिले के नग्गर स्थित कुल्लवी व्हिम्स स्टूडियो का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हिमाचल की पारंपरिक ऊनी हस्तकला, स्थानीय कारीगरों और महिला शिल्पकारों द्वारा तैयार किए जा रहे हस्तनिर्मित उत्पादों के बारे में जानकारी ली।
दौरे के दौरान किरण राव ने महिला कारीगरों से मुलाकात की और उनके काम को करीब से देखा। उन्होंने पारंपरिक शिल्प कौशल से तैयार उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय भेड़ों की स्वदेशी ऊन से पारंपरिक तकनीकों के जरिए बनाई गई ‘तारा जैकेट’ भी चुनी।
कुल्लवी व्हिम्स स्थानीय चरवाहा समुदायों और महिला कारीगरों के साथ मिलकर हिमाचल की पारंपरिक ऊनी हस्तकला को संरक्षित करने और उसे आधुनिक फैशन से जोड़ने का काम कर रहा है। यहां कारीगर कताई, बुनाई और प्राकृतिक रंगों के इस्तेमाल से पारंपरिक कला को आगे बढ़ा रहे हैं। इससे स्थानीय महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
किरण राव सिनेमा में अपने योगदान के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय पहलों से जुड़ाव के लिए भी जानी जाती हैं। वह पानी फाउंडेशन की सह-संस्थापक हैं, जो महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है।
किरण राव के इस दौरे से हिमाचली स्वदेशी ऊन, पारंपरिक हस्तकला और स्थानीय महिला कारीगरों के काम को पहचान दिलाने का अवसर मिला।





