बच्चों के साथ फिर दिखा मुख्यमंत्री का अपनापन

डीएवी स्कूल नेरचौक के पास अचानक रुके मुख्यमंत्री, बच्चों से की बातचीत और नशे से दूर रहने का दिया संदेश

26 सितंबर 2026
खबर अभी अभी | मंडी

मंडी जिले के बल्ह विधानसभा क्षेत्र में कंसा चौक पर रैली को संबोधित करने जा रहे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रास्ते में डीएवी स्कूल नेरचौक के पास अचानक रुककर बच्चों से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री घोड़े की बग्घी पर सवार होकर मुख्य सड़क से रैली स्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डीएवी स्कूल के पास मौजूद कुछ बच्चों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। बच्चों की इच्छा देखकर मुख्यमंत्री बग्घी से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंचकर काफी देर तक बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर अपने लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को संघर्ष के रास्ते पर चलते हुए निरंतर मेहनत करने का संदेश भी दिया।

नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया है। इस अभियान को सफल बनाने में समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं और बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री के सहज और आत्मीय व्यवहार से बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। बच्चों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात पर खुशी जाहिर की और उनके साथ बिताए समय को यादगार बताया।

Share the news