भाजपा नेताओं को साजिश के तहत किया जा रहा प्रताड़ित

3/8/2026
धर्मशाला
खबर अभी अभी

सुलह के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने मीडिया से बातचीत में प्रदेश सरकार पर भाजपा के जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक द्वेष के चलते प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से भाजपा के विधायक, पूर्व विधायक, जिला परिषद प्रतिनिधि और अन्य जनप्रतिनिधियों को अनावश्यक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। लोकतंत्र में जनता की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए, लेकिन वर्तमान सरकार अपने पद और दबाव का दुरुपयोग कर अधिकारियों पर भी दबाव बना रही है।

परमार ने कहा कि हाल ही में हुए पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस को जनता ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने सरकार के कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेज प्रमाणों सहित तैयार किए हैं। इसी से घबराकर भाजपा नेताओं को बदनाम करने और उनके खिलाफ साजिश रचने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग और हिमकेयर योजना पर बोलते हुए विपिन सिंह परमार ने कहा कि यदि किसी एक डॉक्टर की गलती सामने आती है तो पूरे डॉक्टर समाज को बदनाम करना उचित नहीं है। दोषी व्यक्ति के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धन के अभाव में हिमकेयर और आयुष्मान जैसी योजनाएं लगभग ठप हो चुकी हैं। अस्पतालों में स्टेंट, इम्प्लांट, दवाइयों और सर्जरी से जुड़े आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता प्रभावित हो रही है, जिससे मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने टांडा मेडिकल कॉलेज का भी जिक्र करते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में पैरामेडिकल कर्मचारियों की नियुक्ति आउटसोर्स के माध्यम से की जा रही है। इससे योग्य युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। परमार ने कहा कि हिमाचल की जनता लोकतांत्रिक तरीके से वोट की ताकत के माध्यम से सरकार को जवाब मिलेगा।

Share the news