
खबर अभी-अभी | 20 अगस्त 2026 | मंडी

मंडी-कुल्लू हाईवे पर दवाड़ा टनल में गुरुवार सुबह दो ट्रकों के बीच हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब साढ़े 6 बजे हुआ। हादसे की पुष्टि मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रक पंजाब का था, जिसमें नौ लोग सवार थे, जबकि दूसरा ट्रक मंडी का था और उसमें दो लोग मौजूद थे। दवाड़ा टनल के भीतर दोनों ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल नगवाईं पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दुर्घटना के बाद मंडी-कुल्लू हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन और पुलिस की टीमें हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही हैं।






