मंडी में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, इस वर्ष 274 मामले दर्ज और 438 आरोपी गिरफ्तार

2 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

जिला मंडी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस वर्ष 31 अक्तूबर तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 274 मामले दर्ज कर 438 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में 418 पुरुष और 20 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, अवैध भांग की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 34,644 पौधे नष्ट किए गए हैं।

यह जानकारी सोमवार को पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र (NCORD) समिति की मासिक समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अपूर्व देवगन ने की। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का ब्यौरा प्रस्तुत किया।

उपायुक्त ने कहा कि जिले में ‘नशामुक्त मंडी-स्वस्थ मंडी’ अभियान के तहत कानून प्रवर्तन एजेंसियों, संबंधित विभागों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां और वॉकथॉन आयोजित कर अभियान को और व्यापक बनाने पर जोर दिया।

हेरोइन और चरस के सबसे अधिक मामले

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, इस वर्ष दर्ज 274 मामलों में 143 मामले चरस, 93 हेरोइन, सात अफीम एवं अफीम डोडा तथा 11 मामले एमडीएमए, नशे के सेवन और एनडीपीएस एक्ट के अन्य प्रावधानों से संबंधित हैं। इसके अतिरिक्त अफीम और भांग की अवैध खेती के संबंध में 20 मामले दर्ज किए गए हैं।

सितंबर 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 26 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 87.69 ग्राम हेरोइन, 2.649 किलोग्राम चरस, 1.185 किलोग्राम अफीम डोडा और 937 ग्राम भुक्की बरामद की गई।

अक्तूबर में 18 मामले दर्ज हुए, जिनमें हेरोइन के छह मामले शामिल हैं। इस दौरान 112.05 ग्राम हेरोइन और 7.765 किलोग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, सितंबर में 39,705 और अक्तूबर में 34,644 भांग के पौधे नष्ट किए गए।

नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई

उपायुक्त ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति के खिलाफ भी वित्तीय जांच और अटैचमेंट की कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में वित्तीय जांच से जुड़े 70 मामले विभिन्न स्तरों पर विचाराधीन हैं।

वर्ष 2025 से 31 अक्तूबर 2026 तक छह मामलों में आरोपियों की कुल 61 लाख 30 हजार 757 रुपये की संपत्ति अटैच की गई है। इसके अतिरिक्त लगभग 70 लाख 56 हजार रुपये की संपत्ति अटैच करने के मामलों में सक्षम प्राधिकारी की पुष्टि मिलना बाकी है।

छह आरोपियों के डिटेंशन आदेश जारी

पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत मंडी पुलिस अब तक कुल 34 मामले पुलिस मुख्यालय के माध्यम से एडवाइजरी बोर्ड को भेज चुकी है। इनमें वर्ष 2026 के 25 मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक छह आरोपियों के डिटेंशन आदेश जारी किए गए हैं।

बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ब्रह्माकुमारी संस्था समेत अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share the news