महिला विकास प्रोत्साहन योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति और संस्थाएं होंगे सम्मानित

6 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नाहन

महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रदेश सरकार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर सम्मानित करेगी। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने हिमाचल प्रदेश महिला विकास प्रोत्साहन योजना-2013 के तहत पात्र व्यक्तियों और संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी सिरमौर पवन कुमार ने बताया कि योजना के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवाओं तथा कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों के दौरान महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संगठनों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के मूल निवासी पात्र व्यक्ति और योग्य संस्थाएं इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक आवेदक 31 दिसंबर, 2026 तक हिमसेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्राप्त आवेदनों और संबंधित दस्तावेजों का जिला स्तर पर सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद उपायुक्त की संस्तुति के साथ पात्र मामलों को आगामी कार्रवाई के लिए निदेशालय भेजा जाएगा।

पवन कुमार ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिला कल्याण और सशक्तिकरण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वालों को पहचान एवं प्रोत्साहन देना है, ताकि अन्य व्यक्ति और संस्थाएं भी महिलाओं के विकास के लिए आगे आएं।

उन्होंने पात्र व्यक्तियों और संस्थाओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की। योजना की पात्रता, दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट wcd.hp.gov.in पर उपलब्ध है।

Share the news