
7 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

भारतीय जनता पार्टी जिला शिमला की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ एवं विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन विशेष रूप से मौजूद रहे, जबकि पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज मुख्य वक्ता रहे।
वाइब्रेशन हॉल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन लाइव सुना। इस दौरान विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया। भाजपा का प्रदेशव्यापी सेवा ज्योति यात्रा अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है।
पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष किसी व्यक्ति के राजनीतिक जीवन का केवल पड़ाव नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र प्रथम की भावना से जुड़ी यात्रा हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सेवा और जनभागीदारी को आगे बढ़ाने का आह्वान
भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण को अपनी प्राथमिकताओं में रखा है। उन्होंने सरकार की ओर से गरीबों के लिए मुफ्त राशन और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल प्रधानमंत्री का सपना नहीं, बल्कि देशवासियों का सामूहिक संकल्प होना चाहिए। प्रत्येक नागरिक जब अपने कर्तव्य को राष्ट्र निर्माण से जोड़ेगा, तभी वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा ज्योति को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए गरीबों की सहायता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के माध्यम से लगातार आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
भारद्वाज ने कहा, “सेवा हमारी प्रेरणा, राष्ट्र प्रथम हमारा संकल्प और विकसित भारत हमारा लक्ष्य है।”
लोअर बाजार से निकली सेवा ज्योति यात्रा
कार्यक्रम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोअर बाजार से सेवा ज्योति यात्रा निकाली। कार्यकर्ताओं ने सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। इसके साथ ही रिज मैदान पर रंगोली कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष केशव चौहान, विधायक रीना कश्यप, प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद, शिमला से भाजपा प्रत्याशी संजय सूद, प्रदेश सचिव संजय ठाकुर, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, प्रदेश सचिव कुसुम सदरेट, प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर सहित पार्टी के पदाधिकारी, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





