राजभाषा हिंदी के सम्मान में रिकांग पीओ में राज्य स्तरीय समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

14 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | रिकांग पीओ, किन्नौर

रिकांग पीओ। भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से राजभाषा हिंदी पखवाड़े के तहत सोमवार को रिकांग पीओ में राज्य स्तरीय हिंदी दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

1 से 14 सितंबर तक आयोजित राजभाषा हिंदी पखवाड़े के तहत 12 सितंबर को रिकांग पीओ में राज्य स्तरीय हिंदी कवि सम्मेलन आयोजित किया गया था। वहीं 13 सितंबर को राज्य स्तरीय अंतर-महाविद्यालयीय भाषण, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी लेखन प्रतियोगिताएं करवाई गईं।

14 सितंबर को आयोजित राज्य स्तरीय हिंदी दिवस समारोह में डॉ. सत्य नारायण स्नेही ने ‘जनभाषा और तकनीकी भाषा के रूप में हिंदी भाषा की व्यवहारिक स्थिति’ विषय पर वक्तव्य प्रस्तुत किया।

उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी देश की बड़ी आबादी द्वारा व्यवहार में प्रयोग की जाने वाली भाषा है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व होना चाहिए। भाषा मनुष्य को अन्य जीवों से अलग पहचान देती है और विचारों एवं भावनाओं के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम है।

प्रतियोगिताओं में इन विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान

राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर की सुनिधि ने प्रथम, राजकीय संस्कृत महाविद्यालय तुंगेश, शिमला के शिवांश ने द्वितीय तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला की भूमिका ने तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रश्नोत्तरी लेखन प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के सुजान शर्मा ने प्रथम, राजकीय महाविद्यालय राजगढ़, सिरमौर के दीपक चौहान ने द्वितीय तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला की स्नेहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय राजगढ़, सिरमौर के विशाल नढोलटा ने प्रथम, महाराज लक्ष्मण सिंह स्मारक महाविद्यालय सुंदरनगर, मंडी के पुष्पराज ने द्वितीय तथा श्री व्यास संस्कृत महाविद्यालय कुल्लू के कशिश ठाकुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रदेश और जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित

समारोह में हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश स्तर के अधिकारी वर्ग में प्रभा राजीव, नियंत्रक मुद्रण एवं लेखन सामग्री; रविन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक, हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग तथा संजीव जस्टा, सहायक विकास अधिकारी, हिमाचल प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कर्मचारी वर्ग में नवीन कुमार, राज्य कर एवं आबकारी विभाग, हिमाचल प्रदेश सचिवालय; राधा कृष्ण, पंचायती राज विभाग; देवराज, हिमाचल प्रदेश लेखा परीक्षा विभाग तथा जगदीश सावंत, हिमाचल प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड को सम्मानित किया गया।

जिला किन्नौर में हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी वर्ग में निरीक्षक पुलिस रेखा दत्ता तथा कर्मचारी वर्ग में तहसील कार्यालय कल्पा के कुशाल नेगी और उपायुक्त कार्यालय की सुचित्री को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। जिला कल्याण विभाग रिकांग पीओ को भी हिंदी में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

पुस्तक प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

समारोह के दौरान हिमाचल कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी की ओर से पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में हिमाचल के इतिहास, कला, संस्कृति और विरासत से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध करवाई गईं।

इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक भाषा एवं संस्कृति चंदन कपूर, सहायक निदेशक सुरेश राणा और सुनीला ठाकुर, जिला भाषा अधिकारी किन्नौर दीपा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share the news