बेटे की शादी करवाने का भरोसा देकर 1.35 लाख रुपये लेने का आरोप, हमीरपुर सदर पुलिस ने दर्ज किया केस

14 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | हमीरपुर

हमीरपुर। हमीरपुर सदर थाना क्षेत्र में बेटे की शादी करवाने का भरोसा देकर एक व्यक्ति से कथित तौर पर 1.35 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। बुरनाड़ निवासी प्रेम चंद की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में हमीरपुर शहर के एक युवक के भी दूसरे पक्ष के साथ संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेम चंद विवाह-शादियों में रसोइये का काम करते हैं। उनके साथ कांगड़ा जिले का एक व्यक्ति भी कई वर्षों से काम करता है। इसी जान-पहचान के चलते प्रेम चंद ने उक्त व्यक्ति से अपने छोटे बेटे की शादी करवाने की बात कही।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त व्यक्ति ने एक लड़की से रिश्ता करवाने का भरोसा दिया और बातचीत आगे बढ़ाने के लिए पहले 20 हजार रुपये देने को कहा। इसके बाद सगाई के कपड़े खरीदने तथा लड़की की मां के पेड़ से गिरकर घायल होने और इलाज के लिए पैसे की जरूरत होने की बात कहकर कथित तौर पर अलग-अलग समय पर रकम ली गई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस तरह कुल 1.35 लाख रुपये लिए गए, लेकिन रकम लेने के बाद शादी की बातचीत आगे नहीं बढ़ी। पैसे वापस मांगने पर भी कथित तौर पर टालमटोल की जाती रही।

शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पैसे के लेन-देन और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।

दूसरे पक्ष को बुलाकर लिया जा रहा बयान

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि दूसरे पक्ष को बुलाकर उनका पक्ष जाना जा रहा है और पैसे के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

एएसपी ने लोगों से अपील की कि शादी करवाने और रिश्ता तय कराने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आने से पहले पूरी तरह तफ्तीश कर लें और लेन-देन से संबंधित सभी दस्तावेज एवं प्रमाण सुरक्षित रखें।

Share the news