
23 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कोटखाई स्थित केंद्रीय विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद भी किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि छात्र जीवन मानव जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां से युवाओं के भविष्य की दिशा निर्धारित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन में रहकर ज्ञान अर्जित करने और कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया, ताकि वे अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होने के साथ वे दुर्व्यसनों से भी दूर रहेंगे तथा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य मजबूत होगा।
इस दौरान उपायुक्त ने मेधावी विद्यार्थियों को पारितोषिक वितरित कर सम्मानित किया। वहीं, केंद्रीय विद्यालय कोटखाई के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर उपायुक्त ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उन्हें शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, उपमंडल दंडाधिकारी कोटखाई गुरमीत नेगी, केंद्रीय विद्यालय कोटखाई के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





