
16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिवालय के विभिन्न कर्मचारी संगठनों, पदाधिकारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां को उनके 70वें जन्मदिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की।
कुलदीप सिंह पठानियां सामान्य तौर पर अपना जन्मदिवस अपने गृह जिला चंबा के छलारा गांव में शुभचिंतकों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मनाते रहे हैं। इस वर्ष वह राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में हैं। ऐसे में इस बार वह अपना जन्मदिवस अपनी पत्नी नीना पठानियां और सम्मेलन में शामिल भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ केपटाउन में मनाएंगे।
1985 में पहली बार बने विधायक
कुलदीप सिंह पठानियां का जन्म 17 सितंबर 1957 को चंबा जिला के छलारा गांव में हुआ था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से बीएससी और लखनऊ विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 1985 में 28 वर्ष की आयु में वह पहली बार भटियात विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद वर्ष 1993, 2003 और 2007 में भी वह विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए।
दिसंबर 2022 में पठानियां पांचवीं बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए और 5 जनवरी 2023 को सर्वसम्मति से हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष चुने गए।
विधान सभा सचिवालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अध्यक्ष के रूप में पठानियां ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संसदीय सम्मेलनों में भाग लिया है। सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके जन्मदिवस पर शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।





