शिमला में 24×7 पेयजल परियोजना के कार्यों का निरीक्षण, मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश

11/8/2026
शिमला
खबर अभी अभी

हिमाचल प्रदेश के शहरी विकास एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को शिमला शहर में 24×7 निरंतर एवं प्रेशर युक्त पेयजल वितरण परियोजना के अंतर्गत पैकेज-10 के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कच्ची घाटी, बालूगंज, एडवांस स्टडीज, समरहिल और तारा देवी क्षेत्रों का दौरा कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (एसजेपीएनएल), सुएज प्राइवेट लिमिटेड और टाटा की टीमों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। संबंधित टीमों ने मंत्री को पाइपलाइन नेटवर्क, सड़क पुनर्स्थापन और नए जल भंडारण टैंकों के निर्माण सहित विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मौके पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शिमला शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत, आधुनिक और अधिक विश्वसनीय बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।

पुरानी पाइपलाइनों की जगह बनेगा आधुनिक नेटवर्क

पैकेज-10 के तहत संबंधित क्षेत्रों में पाइपलाइन अवसंरचना विकसित करने, नई पाइपलाइन बिछाने, नए जल भंडारण टैंकों के निर्माण तथा कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों एवं अन्य प्रभावित सतहों के पुनर्स्थापन का काम किया जा रहा है।

परियोजना के तहत शिमला की पुरानी पाइपलाइनों को आधुनिक और प्रेशर युक्त नेटवर्क से बदला जा रहा है। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार नए जल भंडारण टैंक बनाए जा रहे हैं, ताकि शहर में पेयजल आपूर्ति को अधिक व्यवस्थित और भरोसेमंद बनाया जा सके।

विश्व बैंक से वित्त पोषित है परियोजना

24×7 पेयजल परियोजना विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित है और हिमाचल प्रदेश में अपनी तरह की पहली परियोजना बताई गई है। इसका उद्देश्य शिमला शहर में सुरक्षित, विश्वसनीय और निरंतर 24×7 पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

परियोजना के माध्यम से मौजूदा जल वितरण व्यवस्था को आधुनिक प्रेशर युक्त नेटवर्क में परिवर्तित किया जा रहा है। पाइपलाइन नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ जल भंडारण क्षमता बढ़ाने और निर्माण कार्यों से प्रभावित सड़कों एवं अन्य सतहों को दोबारा बहाल करने पर भी काम किया जा रहा है।

भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत होगी जलापूर्ति व्यवस्था

पैकेज-10 के अंतर्गत कच्ची घाटी, बालूगंज, एडवांस स्टडीज, समरहिल और तारा देवी में चल रहे कार्यों को शिमला की भविष्य की जलापूर्ति आवश्यकताओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन क्षेत्रों में आधुनिक जल वितरण नेटवर्क और भंडारण व्यवस्था विकसित होने से शहर की जलापूर्ति प्रणाली को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर एसजेवीएन और जल शक्ति विभाग के अधिकारी, जिला परिषद सदस्य प्रियंका तनवर, नगर निगम पार्षद दलीप ठाकुर एवं किरन शर्मा, बढ़ई ग्राम पंचायत के प्रधान महेंद्र पाल, सांगटी सनहोग ग्राम पंचायत के प्रधान चमन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share the news