
13 अगस्त 2026 |
सोलन
खबर अभी-अभी

बद्दी। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी की प्रमुख साईं रोड इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के चलते लंबा जाम लगना आम बात हो गई है, जिससे स्कूल बसों, एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
जिला परिषद सदस्य राज कुमार राजू ने साईं रोड की स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि यह सड़क अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन चुकी है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि “साईं रोड अब साईं रोड नहीं, बल्कि कसाई रोड बन गया है।” उनके अनुसार सड़क पर कई स्थानों पर दो-दो फुट तक गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए किसी बड़े हादसे का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए। संबंधित विभाग को तत्काल प्रभाव से सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
राज कुमार ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए तथा पैचवर्क का कार्य जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि जाम के दौरान एंबुलेंस और स्कूल बसों का फंसना बेहद गंभीर विषय है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक अंतरिम राहत के तौर पर मरम्मत कार्य कर यातायात को सुचारू बनाया जाना चाहिए। उनका कहना है कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सड़क की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि सड़क की बदहाल स्थिति से रोजाना हजारों वाहन चालक प्रभावित हो रहे हैं और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।






