सोलन क्षेत्रीय अस्पताल में नेट समस्या, मरीजों की पर्चियां मैन्युअल बनानी पड़ीं

24 अगस्त, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन |

सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल में सोमवार को उपचार के लिए मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। अस्पताल में नेट की समस्या आने के कारण मरीजों की पर्चियां मैन्युअल रूप से बनानी पड़ीं, जिससे पर्ची बनाने में सामान्य से अधिक समय लगा और मरीजों व उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अस्पताल में सोमवार को पर्ची काउंटर के साथ-साथ फीस काउंटर पर भी लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं, डिस्पेंसरी में दवा लेने के लिए मरीजों की भीड़ देखी गई। बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने और नेटवर्क की समस्या के कारण अस्पताल की व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव बना रहा।

क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में केवल स्थानीय मरीज ही नहीं, बल्कि अपर शिमला और सिरमौर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल में अक्सर मरीजों की भीड़ देखी जाती है, जिससे विशेषकर बुजुर्गों, बीमारों और उनके तीमारदारों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ता है।

नेटवर्क व्यवस्था में आई तकनीकी समस्या के कारण सोमवार को स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों को सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्चियां मैन्युअल रूप से तैयार की गईं।

Share the news