
7/8/2026
खबर अभी अभी | शिमला
हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपक राठौर को पार्टी ने बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें तेलंगाना में चल रहे ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत ऑब्जर्वर नियुक्त किया है।
दीपक राठौर संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और उन्हें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के करीबी नेताओं में माना जाता है। पार्टी नेतृत्व ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने और संगठन विस्तार की प्रक्रिया को गति देने के लिए वरिष्ठ नेताओं की नियुक्ति की जा रही है। इसी क्रम में दीपक राठौर को तेलंगाना का ऑब्जर्वर बनाया गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्ति कांग्रेस नेतृत्व के दीपक राठौर पर विश्वास को दर्शाती है। इससे न केवल हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिलेगा, बल्कि संगठनात्मक गतिविधियों में भी उनकी भूमिका और मजबूत होगी।
दीपक राठौर की नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए इसे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया है।






