हिमाचल के रामपुर से कांग्रेस विधायक नंद लाल का निधन, 72 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

3 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी की बीमारी तथा प्रोस्टेट कैंसर से जूझ रहे थे। उन्होंने शिमला के चमियाना स्थित अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान में सुबह करीब 5:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, नंद लाल की तबीयत बिगड़ने पर 2 नवंबर को उन्हें शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें चमियाना अस्पताल शिफ्ट किया गया। वह लंबे समय से डायलिसिस पर थे। उनके निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और रामपुर क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नंद लाल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वह अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले और पार्टी के प्रति निष्ठावान नेता थे। उनका स्पष्ट विचारों वाला व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में समाज के प्रति समर्पित भाव से कार्य किया।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

कांग्रेस मुख्यालय में दी गई श्रद्धांजलि

मंगलवार को नंद लाल का पार्थिव शरीर शिमला स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। यहां कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कैबिनेट मंत्री रोहित ठाकुर और विक्रमादित्य सिंह ने शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं। आईटीबीपी के अधिकारियों ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके बाद पार्थिव शरीर को रामपुर के लिए रवाना किया गया। बिथल (भेरा खड्ड) में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां से अंतिम यात्रा रामपुर बुशहर स्थित सर्किट हाउस तक निकाली गई। मंगलवार शाम को पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव देवठी पहुंचाया गया। बुधवार, 4 नवंबर को देवठी में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के भी शामिल होने का कार्यक्रम है।

आईटीबीपी में एडीजी पद से हुए थे सेवानिवृत्त

नंद लाल का जन्म 16 अप्रैल 1954 को रामपुर के देवठी गांव में हुआ था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से वर्ष 1976 में राजनीति विज्ञान में एमए की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में सेवाएं दीं। वर्ष 1980 से 2007 तक पुलिस बल में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने के बाद वह एडीजी के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त हुए।

उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान वर्ष 1985 से 1997 तक एसपीजी में भी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था में जिम्मेदारी निभाई। इनमें वर्ष 1982 के एशियाई खेल और वर्ष 1983 में नई दिल्ली में आयोजित गुटनिरपेक्ष देशों की बैठक भी शामिल रही।

वीरभद्र सिंह के करीबी नेताओं में थी पहचान

सेवानिवृत्ति के बाद नंद लाल ने राजनीति में कदम रखा और कांग्रेस के टिकट पर रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा। वह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने लगातार चार विधानसभा चुनाव जीतकर क्षेत्र में अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ बनाई। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बेहद करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की थी।

नंद लाल के निधन पर लवी मेले के कार्यक्रम स्थगित

विधायक नंद लाल के निधन के चलते रामपुर के अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के अंतर्गत 3 नवंबर को आयोजित होने वाली पूर्व निर्धारित गतिविधियों को स्थगित कर दिया गया। उपमंडल प्रशासन रामपुर बुशहर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि नंद लाल का निधन रामपुर क्षेत्र और समूचे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।

प्रशासन ने उनके सार्वजनिक जीवन में योगदान और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Share the news