
7/8/2026
खबर अभी अभी | शिमला
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। खराब मौसम और सुरक्षा कारणों को देखते हुए प्रशासन ने किन्नर कैलाश यात्रा को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से रोक दिया है। श्रद्धालुओं से मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थगित रखने की अपील की गई है।
लगातार वर्षा के कारण प्रदेश की प्रमुख नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। ब्यास नदी में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। नदी और नालों के समीप जाने से बचने की अपील भी की गई है।
मौसम विभाग ने 10 और 11 अगस्त के लिए हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से ऊना, चंबा और कांगड़ा जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, जहां तेज बारिश के साथ भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने और यात्रा पर निकलने से पहले सड़क व मौसम की ताजा जानकारी लेने की अपील की है। साथ ही सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।






