
16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

मंडी। अखिल भारतीय दलित पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक परिषद के महासचिव एवं राज्य प्रवक्ता चमन राही ने नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के इंदिरा भवन में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश से जुड़े सामाजिक और संगठनात्मक मुद्दों पर अपना पक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में सामाजिक प्रतिनिधित्व और आरक्षण व्यवस्था से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया।
चमन राही ने कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशासन प्रभारी गुरदीप सिंह सप्पल, अखिल भारतीय कांग्रेस सेवा दल के मुख्य संगठक श्रीनिवास बी.बी., राष्ट्रीय अध्यक्ष शुक्ला, अखिल भारतीय अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी गौतम, एडवोकेट शशि उपाध्याय और राष्ट्रीय प्रवक्ता किसान कांग्रेस चंद्र सेन गोरा सहित अन्य नेताओं से मुलाकात की।
राही ने कहा कि कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन में 25-26 फरवरी 2023 को रायपुर में सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण से संबंधित प्रस्ताव पारित किए गए थे। कांग्रेस के आधिकारिक प्रस्ताव में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के सशक्तिकरण तथा राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े प्रावधानों का उल्लेख किया गया है।
राही ने इसी संदर्भ में हिमाचल प्रदेश में भी सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर पार्टी स्तर पर उचित व्यवस्था लागू करने की मांग रखी। उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, युवाओं और महिलाओं को संगठन में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पार्टी के विभिन्न बोर्डों और संगठनात्मक स्तरों पर भी हिमाचल प्रदेश से इन वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस के रायपुर अधिवेशन के दस्तावेज में कांग्रेस कार्यसमिति में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिलाओं और युवाओं के लिए 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व का निर्णय दर्ज है।
राही ने राष्ट्रीय नेतृत्व से हिमाचल के सामाजिक और संगठनात्मक मुद्दों पर विचार करते हुए उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इस दौरान प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस वर्किंग चेयरमैन जीवन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।





