आर्ट ऑफ लिविंग सुंदरनगर ने धूमधाम से मनाया गुरु पूर्णिमा पर्व; सत्संग, भजन और ध्यान में डूबे श्रद्धालु

30/7/2026
सुंदरनगर
मंडी
खबर अभी अभी

आर्ट ऑफ लिविंग परिवार, सुंदरनगर द्वारा गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सुंदरनगर स्थित आर्ट ऑफ लिविंग हॉल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सपरिवार भाग लिया और गुरु कृपा का आनंद उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 5:30 बजे हुआ, जहाँ हॉल में उपस्थित सभी लोगों ने समूह ध्यान (Meditation) में बैठकर मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। इसके पश्चात हुए भव्य सत्संग और मधुर भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। पूरा वातावरण भक्ति और आनंद के रंग में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी मंडी, रुचि ने गुरुदेव के ज्ञान संदेश पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि वह चेतना है जो मनुष्य को अज्ञानता के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाती है। जीवन में कृतज्ञता, सेवा और साधना का महत्व ही गुरु पूर्णिमा का असली संदेश है।
सत्संग और ध्यान के समापन के उपरांत सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आर्ट ऑफ लिविंग परिवार, सुंदरनगर ने कार्यक्रम को सफल और मंगलमय बनाने के लिए सभी नगरवासियों और श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Share the news