ऊना में सड़क हादसे में युवकों की मौत पर पिता ने उठाए सवाल

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

27 अगस्त 2023

ऊना के हरोली विस क्षेत्र के तहत सलोह निवासी कुलदीप जसवाल ने एक वर्ष पहले उनके बेटे की मौत मामले की केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच करवाने की मांग की है। कुलदीप जसवाल ने शनिवार को विश्राम गृह ऊना में पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि करीब एक वर्ष पूर्व ऊना-संतोषगढ़ सड़क मार्ग पर उनके बेटे सहित पांच युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि उनके बेटे सहित सभी पांचों युवकों की हत्या की गई है।
उन्होने कहा कि पिछले 11 महीनों से उन्होंने 20 से ज्यादा रिमाइंडर दिए। वहीं कई बार आरटीआई ली है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कुछ लोगों पर शक भी जाहिर किया है। इसके बावजूद उक्त लोगों से पुलिस ने कोई पूछताछ नहीं की है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को सुनियोजित तरीके से मारा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उनके बेटे की कॉल डिटेल की भी जांच नहीं की। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस रवैया ढिलमुल रहा है। उन्होंने कहा कि उनका अब हिमाचल पुलिस पर से विश्वास उठ चुका है, इसलिए इस मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी से करवाई जाए, ताकि उनके बेटे सहित सभी पांचों युवकों को इंसाफ मिल सके।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news