कुल्लू पुलिस की सख्त कार्रवाई : सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दो वाहनों के चालान

खबर अभी अभी ,
कुल्लू –
सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कुल्लू पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है । इसी क्रम में सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो अलग-अलग वीडियो का संज्ञान लेते हुए भून्तर पुलिस एवं मनीकर्ण पुलिस द्वारा त्वरित जांच कर संबंधित वाहनों की पहचान की गई तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई ।

पहले मामले में कुछ पर्यटक कार की छत एवं खिड़कियों पर बैठकर यात्रा करते हुए दिखाई दिए । जांच के दौरान वाहन संख्या HR-24W-3461 की पहचान की गई । वाहन चालक एवं सवार व्यक्तियों द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों की घोर अवहेलना किए जाने पर मनीकर्ण पुलिस ने उक्त वाहन का ₹2,500/- का ऑनलाइन चालान किया ।

दूसरे मामले में रुडाऊ फोरलेन मार्ग पर एक व्यक्ति चलते वाहन की छत पर बैठकर यात्रा करता हुआ दिखाई दिया । यह कृत्य न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता था । मामले की जांच के उपरांत भून्तर पुलिस ने संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹2,500/- का ऑनलाइन चालान किया ।

कुल्लू पुलिस स्पष्ट करना चाहती है कि पर्यटन का आनंद लेते समय यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है । वाहन की छत, खिड़कियों अथवा अन्य असुरक्षित स्थानों पर बैठकर यात्रा करना न केवल स्वयं के जीवन को जोखिम में डालता है, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी खतरा उत्पन्न करता है ।

कुल्लू पुलिस सभी पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील करती है कि वे जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए यातायात नियमों का पालन करें । सोशल मीडिया पर लोकप्रियता प्राप्त करने अथवा रोमांच के लिए किए जाने वाले ऐसे खतरनाक कृत्यों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी ।

“सुरक्षित यात्रा ही सुखद यात्रा है”

Share the news