
27 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र में एलपीजी की सुचारू और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कोटखाई क्षेत्र में एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी समस्या का एक सप्ताह के भीतर पूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
रोहित ठाकुर ने कहा कि सेब सीजन के दौरान लोगों को रसोई गैस की कमी के कारण किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए।
नारकंडा गैस एजेंसी से पंचायतों को जोड़ने के निर्देश
मंत्री ने निर्देश दिए कि नारकंडा गैस एजेंसी से कोटखाई क्षेत्र की कुछ पंचायतों को जोड़ने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। विभाग को इस संबंध में सभी औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि कोटखाई क्षेत्र में करीब 15,400 एलपीजी कनेक्शन हैं, जबकि कलबोग क्षेत्र में लगभग 1,200 कनेक्शन धारक हैं। इनमें से करीब 600 उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की जा चुकी है, जबकि लगभग 600 कनेक्शनों का बैकलॉग अभी शेष है। बैकलॉग समाप्त करने के लिए 250 एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति हेतु वीरवार को वाहन भेजा गया है।
गुम्मा और कलबोग में नई गैस एजेंसी खोलने की कवायद
रोहित ठाकुर ने कहा कि गुम्मा में नई गैस एजेंसी खोलने का प्रस्ताव भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने विभाग को इस संबंध में आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कलबोग क्षेत्र में नई गैस एजेंसी स्थापित करने के लिए आवेदन आमंत्रित करने को भी कहा गया, ताकि स्थानीय लोगों को नियमित और सुगम गैस आपूर्ति उपलब्ध हो सके।
DAC प्रक्रिया के कारण भी आई दिक्कतें
विभागीय अधिकारियों ने बैठक में बताया कि डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) के बिना गैस आपूर्ति से संबंधित प्रक्रिया के चलते भी कई व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आई हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) से अतिरिक्त एलपीजी लोड उपलब्ध करवाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार कलबोग क्षेत्र में पिछले तीन महीनों से गैस आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। इस पर मंत्री ने बैकलॉग वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति बहाल करने और उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि खन्नेटी-पुड़ग क्षेत्र में 500 कनेक्शनों के लिए गैस आपूर्ति जारी की जा चुकी है, जबकि शेष क्षेत्रों में भी व्यवस्था जल्द सामान्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन एलपीजी आपूर्ति की समस्या के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करेगा। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही।
जनवरी से जुलाई 2026 तक शिमला जिले में एलपीजी आपूर्ति और बिक्री
बैठक में जिला शिमला में जनवरी से जुलाई 2026 तक घरेलू एवं वाणिज्यिक एलपीजी रिफिल की प्राप्ति और बिक्री से संबंधित आंकड़े भी प्रस्तुत किए गए।
आंकड़ों के अनुसार जिला शिमला में वर्तमान में कुल 3,14,110 एलपीजी कनेक्शन हैं। इनमें 2,17,159 घरेलू (DBC) कनेक्शन, 96,951 SBC कनेक्शन और 7,150 वाणिज्यिक कनेक्शन शामिल हैं।
जनवरी से जुलाई 2026 के दौरान जिला शिमला को कुल 3,058 एलपीजी लोड प्राप्त हुए। इस अवधि में 10,53,741 घरेलू एलपीजी रिफिल तथा 1,06,350 वाणिज्यिक रिफिल प्राप्त हुए। इसी अवधि में कुल 9,85,510 घरेलू रिफिल और 86,556 वाणिज्यिक रिफिल की बिक्री दर्ज की गई।
माहवार एलपीजी लोड
माहवार आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 में 505 एलपीजी लोड प्राप्त हुए। फरवरी में 511, मार्च में 497, अप्रैल में 388, मई में 322, जून में 402 और जुलाई में 433 लोड प्राप्त हुए।
घरेलू रिफिल की प्राप्ति जनवरी में 1,88,685 रही, जबकि जुलाई में यह आंकड़ा 1,45,825 रहा। वहीं वाणिज्यिक रिफिल की प्राप्ति इस अवधि में 22,490 से 9,800 के बीच रही।
घरेलू रिफिल की बिक्री जनवरी में 1,79,198, फरवरी में 1,51,058, मार्च में 1,57,600, अप्रैल में 1,22,500, मई में 1,20,100, जून में 1,21,072 और जुलाई में 1,33,982 दर्ज की गई।
वहीं वाणिज्यिक रिफिल की बिक्री जनवरी से जुलाई के दौरान क्रमशः 18,171, 15,347, 15,009, 9,809, 8,810, 9,570 और 9,840 रही।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र कुमार धीमान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।





