जनगणना-2027 के दूसरे चरण के लिए फील्ड ट्रेनरों की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न

खबर अभी-अभी | 19 अगस्त 2026 | मंडी

जनगणना-2027 के दूसरे चरण के सफल और प्रभावी संचालन को लेकर जिला मंडी में फील्ड ट्रेनरों की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला बुधवार को डीआरडीए सभागार में संपन्न हुई। कार्यशाला में कुल 28 फील्ड ट्रेनरों ने प्रशिक्षण लिया, जिनमें मंडी जिले के 26 और कांगड़ा जिले के 2 फील्ड ट्रेनर शामिल रहे। ये फील्ड ट्रेनर आगामी चरण में प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे।

भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय से डीसीओ एवं नोडल ऑफिसर-कम-मास्टर ट्रेनर हिमांशु और आनंद सोनी ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना-2027 के दूसरे चरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

जनसंख्या, सामाजिक और आर्थिक आंकड़े होंगे दर्ज

आनंद सोनी ने बताया कि जनगणना का दूसरा चरण बेहद महत्वपूर्ण है। इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जनसांख्यिकीय, सामाजिक और आर्थिक जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज की जाएगी।

इसके माध्यम से जिले की वास्तविक जनसंख्या, परिवारों की संरचना, आयु एवं लिंग, शिक्षा, रोजगार, प्रवास सहित विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पहलुओं से जुड़े अद्यतन आंकड़े प्राप्त होंगे।

उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इससे आंकड़ों के संग्रहण, निगरानी और प्रबंधन में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ेगी तथा जनगणना कार्य को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण के दौरान सटीक और गुणवत्तापूर्ण आंकड़े एकत्र करने, निर्धारित प्रपत्रों में सही जानकारी दर्ज करने, कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और जनगणना प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया।

बर्फीले क्षेत्रों में सितंबर में होगा जनगणना का दूसरा चरण

जिला मंडी के स्नोबाउंड यानी बर्फीले क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का दूसरा चरण सितंबर माह में करवाया जाएगा। इसका उद्देश्य आगामी बर्फबारी और कठिन मौसमी परिस्थितियों के कारण जनगणना कार्य प्रभावित होने से बचाना है।

इन क्षेत्रों में प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे।

मंडी जिले के स्नोबाउंड क्षेत्रों में थुनाग, टिक्कन, छतरी, थाची और बगाचनोगी तहसील एवं उपतहसील के सभी क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा पधर, मंडी, बालीचौकी, चच्योट, निहरी, करसोग, कटौला, पांगणा और बागशाड़ तहसील एवं उपतहसील के चिन्हित क्षेत्रों में भी यह कार्य किया जाएगा।

17 से 31 अगस्त तक स्व-गणना की सुविधा

डीसीओ एवं नोडल ऑफिसर-कम-मास्टर ट्रेनर हिमांशु ने बताया कि मंडी जिले के स्नोबाउंड क्षेत्रों के नागरिक 17 से 31 अगस्त 2026 तक स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इस दौरान नागरिक पोर्टल के माध्यम से अपनी सही जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

इसके बाद 1 से 30 सितंबर 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक विवरण एकत्र करेंगे।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्व-गणना के दौरान सही और पूर्ण जानकारी दर्ज करें। साथ ही प्रगणकों के घर पहुंचने पर जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने में सहयोग करें, ताकि जनगणना-2027 का दूसरा चरण जिले में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Share the news