जल रक्षकों का कॉन्ट्रैक्ट पीरियड 12 से घटाकर 8 साल करने की मांग, कम मानदेय से परिवार चलाना मुश्किल

31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | हमीरपुर

हमीरपुर। जल रक्षकों ने अपने कॉन्ट्रैक्ट पीरियड को 12 साल से घटाकर 8 साल करने और मानदेय में बढ़ोतरी की मांग उठाई है। जिला जल रक्षक संघ ने प्रदेश सरकार से लंबे समय से सेवाएं दे रहे जल रक्षकों को राहत देने के लिए जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

जिला जल रक्षक संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार की अगुवाई में संघ ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। संघ का कहना है कि जल रक्षक पिछले कई वर्षों से लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट पीरियड और कम मानदेय के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संघ के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि जल रक्षक प्रतिदिन सुबह सबसे पहले ड्यूटी पर पहुंचते हैं और शाम को सबसे आखिर में काम से जाते हैं। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय काफी कम है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वर्तमान महंगाई को देखते हुए जल रक्षकों के मानदेय में भी उचित बढ़ोतरी की जाए।

उन्होंने कहा कि मौजूदा मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। जल रक्षक अपनी जिम्मेदारियों का लगातार निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

राकेश कुमार ने बताया कि संघ अपनी मांगों को लेकर कई बार मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर चुका है। उनके अनुसार उपमुख्यमंत्री की ओर से जल रक्षकों को जल्द मांगों का समाधान करने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन अभी तक इस संबंध में सरकार की ओर से कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि जल रक्षक किसी भी आपदा या आपात स्थिति के दौरान अपनी सेवाएं देने के लिए हमेशा आगे रहते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

जिला जल रक्षक संघ ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि कॉन्ट्रैक्ट पीरियड को 12 साल से घटाकर 8 साल किया जाए और जल रक्षकों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की जाए, ताकि वर्षों से सेवाएं दे रहे इस वर्ग को राहत मिल सके।

Share the news