जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऊना पुलिस को मिली महत्वपूर्ण सफलताएं

खबर अभी अभी
ऊना।
हिमाचल प्रदेश सरकार की नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऊना पुलिस को विभिन्न मामलों में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक ऊना ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 मई 2026 को जिला पुलिस द्वारा 1 किलो 5 ग्राम चिट्टा बरामद करने के मामले में लगातार जांच जारी है।

उन्होंने बताया कि इस मामले के बैकवर्ड लिंक तलाशने के लिए गठित टीम ने पहले एक आरोपी तरसेम लाल को गिरफ्तार किया था। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 16 जून को गढ़शंकर से एक अन्य आरोपी तरसेम कौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रिमांड पर लेने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसके कुछ परिजन पहले से ही लुधियाना जेल में बंद हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान उस वाहन को भी बरामद कर लिया गया है, जिसे इस नशा तस्करी नेटवर्क की प्रमुख कड़ी माना जा रहा था। उक्त वाहन को नवांशहर क्षेत्र से रिकवर किया गया है। मामले के अन्य बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।

इसके अलावा 17 जून 2026 को थाना सदर क्षेत्र में 25 किलो भुक्की बरामदगी के मामले में भी पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। तकनीकी और मानव खुफिया सूचनाओं के आधार पर गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान बलविंदर सिंह उर्फ जग्गा निवासी नंगल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध पहले से ही थाना हरोली में मामला दर्ज है। पुलिस द्वारा इस नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा मामले में आगे भी कार्रवाई जारी है।

वहीं, पुलिस को एक अन्य मामले में भी सफलता मिली है। पुलिस चौकी पंडोगा के अंतर्गत मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने कुछ ही घंटों के भीतर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

इस मामले में अमित निवासी कुठार खुर्द तथा बबलू निवासी सुनेहरा सहित तीन अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। बरामद मोटरसाइकिल के साथ दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं, जिनकी पहचान और स्वामित्व संबंधी जांच अभी जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Share the news