हिमाचल में प्रशासनिक फेरबदल: अमरजीत सिंह को गृह विभाग, आशीष सिंघमार को पशुपालन विभाग का अतिरिक्त प्रभार

खबर अभी अभी
शिमला:
हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपते हुए प्रशासनिक स्तर पर अहम फेरबदल किया है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 2010 बैच के आईएएस अधिकारी अमरजीत सिंह को गृह विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

अमरजीत सिंह वर्तमान में सहकारिता तथा नगर एवं ग्राम नियोजन एवं आवास विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत हैं। अब वे इन विभागों के साथ-साथ गृह विभाग के सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। हालांकि गृह विभाग का कार्य अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) के समग्र नियंत्रण और पर्यवेक्षण में संचालित होगा।

वहीं 2008 बैच के आईएएस अधिकारी आशीष सिंघमार को पशुपालन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सिंघमार पहले से ही डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस, मुख्यमंत्री सचिवालय, सामान्य प्रशासन, संसदीय कार्य तथा मानवाधिकार आयोग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

सरकार ने दोनों अधिकारियों की नई नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। प्रशासनिक हलकों में अमरजीत सिंह को गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि गृह विभाग प्रदेश में कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय से जुड़े अहम मामलों का संचालन करता है।

सरकार के आदेशानुसार यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।

Share the news