
17 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
शिमला

शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टुटीकंडी क्षेत्र से एक युवक को 30 ग्राम हेरोइन/चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना बालुगंज के तहत स्पेशल सेल शिमला की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपाल सिंह कटवाल (33) पुत्र रमेश चंद, निवासी मंडी, हाल निवासी टुटीकंडी, शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त 2026 को स्पेशल सेल को एक विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली थी कि गोपाल सिंह कटवाल तारा देवी स्थित रैन शेल्टर में काले रंग के पीठू बैग में हेरोइन/चिट्टा लेकर मौजूद है और इसे सप्लाई करने की तैयारी में है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर पहुंचकर आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके काले रंग के सफारी बैग की गुप्त चैन से 30 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस थाना बालुगंज, शिमला में अभियोग संख्या 168/2026, दिनांक 16 अगस्त 2026, के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास नशीला पदार्थ कहां से आया था और इसके पीछे किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क का संबंध है या नहीं।
मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है।





