
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | चायल, सोलन

चायल। जिला सोलन के उपमंडल कंडाघाट की ग्राम पंचायत चायल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चायल की होनहार छात्रा तनिष्का कटोच ने NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय और अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। करीब 30 वर्षों के बाद विद्यालय की किसी छात्रा द्वारा NEET परीक्षा में सफलता हासिल करने से स्कूल में खुशी का माहौल है।
तनिष्का कटोच की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में एक सादे लेकिन गौरवमयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य मोहन लाल ने सभी अध्यापकों की मौजूदगी में तनिष्का को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने का संदेश
सम्मान समारोह के दौरान तनिष्का कटोच ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए सबसे पहले अपने लक्ष्य का निर्धारण करना जरूरी है। इसके बाद लक्ष्य हासिल करने के लिए पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से कभी घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उनका डटकर सामना करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है।
छठी कक्षा से जुड़ी हैं स्कूल की यादें
तनिष्का ने विद्यालय से जुड़ी अपनी पुरानी यादें भी छात्र-छात्राओं के साथ साझा कीं। उन्होंने बताया कि जब वह छठी कक्षा में अपने माता-पिता के साथ चायल विद्यालय आई थीं, उस समय पगडंडी वाले रास्ते से स्कूल पहुंचते हुए आसपास के घने देवदार, बान और बुरांश के पेड़ों ने उनका मन मोह लिया था।
उन्होंने बताया कि स्कूल में आने से पहले वह किसी भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेती थीं, लेकिन विद्यालय के वातावरण ने उनके व्यक्तित्व में बदलाव लाया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना शुरू किया।
तनिष्का ने कहा कि उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित किया और उसी दिशा में लगातार मेहनत की। उनकी सफलता से विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी प्रेरणा मिली है।
विद्यालय परिवार ने तनिष्का की इस उपलब्धि को स्कूल के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





