
21 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

सोलन। दिवाली, भैया दूज और करवाचौथ के त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोलन में बाजारों की निगरानी और सैंपलिंग अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम सोलन क्षेत्र में विभाग की टीम ने दूध, डेयरी उत्पादों और मिठाइयों के कुल 11 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है।
विभाग की ओर से भैंस के दूध का एक, गाय के दूध के दो तथा दही, गाय के घी और पनीर का एक-एक सैंपल लिया गया है। इसके अलावा मैसूर पाक, काजू कतली, बॉम्बे हलवा और कैडबरी ड्राई फ्रूट्स के भी सैंपल एकत्र किए गए हैं।
मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में होगी जांच
विभाग के अनुसार, सभी सैंपल एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त और एनएबीएल से प्रमाणित प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। विभाग तैयार मिठाइयों के साथ-साथ उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर भी नजर रख रहा है। इसके तहत चीनी, वनस्पति, मैदा, बेसन और खोया सहित अन्य कच्चे माल की जांच पर ध्यान दिया जा रहा है।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पनीर के सैंपल में मिली थी खामी
डॉ. कायस्थ ने बताया कि इससे पहले लिए गए पनीर के एक सैंपल की फैटी एसिड प्रोफाइलिंग जांच में खामी पाई गई थी। इस मामले में संबंधित विक्रेता को 30 दिनों के भीतर जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग बाजारों में निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान जारी रखेगा। जांच में मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





