नाशपाती के दामों से बागवान उत्साहित, 110 रुपये किलो बिकी

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

3 जुलाई 2023

प्लम के बाद अब नाशपाती का सीजन जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू हो गया है। सब्जी मंडियों में अर्ली वैरायटी की नाशपाती पहुंचनी शुरू हो गई है। कुल्लू के निचले क्षेत्रों में नाशपाती की किस्में तैयार हो गई हैं। बताया जा रहा है कि इस बार नाशपाती की पैदावार कम है। जिसके चलते मंडियों में नाशपाती की डिमांड अधिक है लेकिन मंडियों में आने वाली आपूर्ति कम है। ऐसे में बागवानों को नाशपाती के अच्छे दाम मिल रहे हैं।

बंदरोल सब्जी मंडी में सोमवार को नाशपाती 110 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिकी है। उम्दा दाम मिलने से बागवानों में खुशी है। कई क्षेत्रों मे तो नाशपाती न के बराबर है। कुल्लू में अच्छी फसल होने पर करीब 1,600 टन नाशपाती का उत्पादन होता है। इस बार बहुत कम फसल से उत्पादन में भारी गिरावट होगी।

नाशपाती के उत्पादक प्रताप पठानिया, सुनू राम, अशोक ठाकुर, विजय पठानिया, महेश, गोपाल ठाकुर, देवराज नेगी ने कहा कि इस बार नाशपाती की फसल उनके बगीचों में न के बराबर है। नाशपाती की पैदावार कम होने से खासा नुकसान हो रहा है। ऐसे में बगीचों के खर्च भी पूरे नहीं होंगे। बंदरोल सब्जी मंडी के आढ़ती मोहन ठाकुर ने कहा कि सोमवार को नाशपाती के 110 रुपये प्रतिकिलो तक दाम मिले।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news