बी.एल. स्कूल कुनिहार में एनसीसी कैडेट्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

खबर अभी-अभी | कुनिहार, 20 अगस्त 2026।

बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में गुरुवार को एनसीसी कैडेट्स के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देश सेवा की भावना को मजबूत करना रहा।

विद्यालय के एनसीसी अधिकारी (एएनओ) अमर देव ने बताया कि प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस के मार्गदर्शन में यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन से पहुंचे हवलदार पूर्ण चंद ने कैडेट्स को विभिन्न सैन्य गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

कैडेट्स को ड्रिल और परेड का दिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, परेड, हथियारों से संबंधित प्रारंभिक जानकारी एवं प्रशिक्षण, सावधान और विश्राम की स्थिति, अनुशासन तथा सामूहिक रूप से कार्य करने जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों का अभ्यास करवाया गया।

कैडेट्स ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया। प्रशिक्षक ने उन्हें परेड एवं ड्रिल की बारीकियों की जानकारी देते हुए सही तरीके से अभ्यास करवाया।

अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करती है एनसीसी

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रशिक्षण के दौरान प्रदर्शित अनुशासन, उत्साह और लगन की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, साहस और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित होती है।

उन्होंने सफल आयोजन के लिए एएनओ अमर देव और सभी एनसीसी कैडेट्स को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी कैडेट्स ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Share the news