मतदाताओं के उत्साह और कर्मचारियों की मेहनत से सफल हुआ पंचायत चुनाव : तन्मय कंवर

खबर अभी अभी
सोलन ,
कुनिहार। विकास खंड कुनिहार में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होने पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) एवं निर्वाचन अधिकारी तन्मय कंवर ने मतदाताओं, चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन तथा सभी संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में आम जनता और चुनाव कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।

तन्मय कंवर ने बताया कि पंचायत चुनावों को लेकर क्षेत्र के मतदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं और महिलाओं, युवाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय देते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान प्रक्रिया को सफल बनाया।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए थे। सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं तथा मतदान दलों को पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार तैनात किया गया। मतदान केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बीडीओ तन्मय कंवर ने कहा कि चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। पंचायत सचिवों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, मतदान अधिकारियों, पुलिस कर्मियों तथा अन्य सहयोगी स्टाफ ने बेहतर तालमेल के साथ कार्य करते हुए चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाया।

उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए था। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। प्रशासन और पुलिस के बेहतर समन्वय के चलते पूरे विकास खंड में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना अथवा बड़ी शिकायत की सूचना प्राप्त नहीं हुई।

तन्मय कंवर ने कहा कि पंचायत चुनाव केवल जनप्रतिनिधियों के चयन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। क्षेत्र की जनता ने जिस परिपक्वता, जागरूकता और उत्साह के साथ चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया है, वह सराहनीय है।

उन्होंने अंत में सभी मतदाताओं, चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों तथा चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रत्येक व्यक्ति का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी के सहयोग, समन्वय और प्रतिबद्धता के कारण विकास खंड कुनिहार में पंचायत चुनाव सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Share the news