युवा मोर्चा प्रभारी रोहित भारद्वाज को मिली जिला शिमला की जिम्मेदारी

3 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नगर निगम सोलन के पार्षद रोहित भारद्वाज को जिला शिमला का प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है।

रोहित भारद्वाज पिछले 14 वर्षों से भारतीय जनता युवा मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए इसे मजबूत बनाने के लिए काम किया है। वर्तमान में वह युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।

संगठन ने उनके लंबे अनुभव, कार्यशैली और युवाओं के बीच सक्रियता को देखते हुए उन्हें जिला शिमला की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति को संगठन में उनके कार्यों और अनुभव पर जताए गए भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।

रोहित भारद्वाज ने नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और युवा मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और जिला शिमला में युवा मोर्चा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगे।

Share the news