
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
15 अगस्त 2023
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की ममलीग पंचायत के जड़ौण गांव में बादल फटने से रत्तीराम के बड़े बेटे-बहू, पोतों समेत दामाद और नातिनों की मलबे में दबने से मौत हो गई है। जबकि पिता, छोटा बेटा, उसका परिवार और बेटी सुरक्षित बच गए है।
बादल फटने से सिरीघाट-नेरी मार्ग से मलबा और पानी साथ लगते गांव जड़ौण के दो मकानों तक पहुंच गया। दोनों भवनों में एक परिवार के कुल 13 लोग थे। इन भवनों में रत्तीराम, उसके दो बेटे और बेटी का परिवार सो रहा था। जबकि रत्तीराम की पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी, वह अपनी रिश्तेदारी में गई हुई थी।
पहले मकान में रत्तीराम का बड़ा बेटा, बहू और दो बच्चे सो रहे थे। इसी मकान के दूसरे कमरे में उसकी बेटी, दामाद और दो नातिन थे। जबकि रत्तीराम अपने छोटे बेटे मदन के साथ दूसरे मकान में सो रहा था। इसमें मदन की पत्नी और बच्चे भी थे। घर के साथ ही गोशाला भी थी, जिसमें बंधे मवेशी भी दब गए है।






