
6/8/2026
केलांग
खबर अभी अभी
राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे पूर्व कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत जिला मुख्यालय केलांग के समीप स्थित स्टिंगरि हेलीपैड पर क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त एवं राज्य स्तरीय जनजातीय मेला समिति की अध्यक्ष किरण भड़ाना ने किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला ‘तुम्बा इलेवन’ और ‘बीआरओ इलेवन’ के मध्य खेला गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना से खेलने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वयं भी पिच पर उतरकर प्रतीकात्मक बल्लेबाजी की और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि जनजातीय उत्सव केवल समृद्ध जनजातीय संस्कृति और विरासत का उत्सव नहीं है, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने का भी एक सशक्त माध्यम है। खेल गतिविधियां शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के साथ-साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसे गुणों का विकास करती हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर एक स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने आगे बताया कि 14 से 16 अगस्त तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026 को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न खेल, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, 70 आरसीसी के ऑफिसर कमांडिंग मेजर आकाश चौधरी, परियोजना अधिकारी (आईटीडीपी) अश्वनी कुमार, पुलिस उप-अधीक्षक रश्मि शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।







