राधा स्वामी सत्संग समागम को लेकर सोलन पुलिस अलर्ट, 134 जवान तैनात श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध, पुलिस ने सहयोग की अपील की

खबर अभी अभी ,
सोलन में शनिवार और रविवार को आयोजित होने वाले राधा स्वामी सत्संग समागम के मद्देनजर जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोलन के नेतृत्व में विशेष रणनीति तैयार की गई है।

पुलिस अधीक्षक टीएसडी वर्मा ने बताया कि समागम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 134 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। जवानों को संवेदनशील स्थानों, प्रमुख यातायात मार्गों और सत्संग स्थल के आसपास रणनीतिक रूप से तैनात किया गया है ताकि भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कोई बाधा न आए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था और पैदल मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिसकर्मी या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष 01792-223836 पर दें।

पुलिस प्रशासन ने सोलन की जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

Share the news