संत बाबा बाल जी महाराज के आश्रम पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, लिया आशीर्वाद

खबर अभी अभी | 03 सितंबर 2026 | ऊना

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को ऊना के राधा कृष्ण मंदिर कोटला कलां स्थित राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के आश्रम पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आश्रम में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का श्रवण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के आश्रम पहुंचने से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

ऊना पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व हिमफैड चेयरमैन संतोष सैनी, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, भाजपा नेता देवेंद्र भुट्टो, चैतन्य शर्मा सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके बाद मुख्यमंत्री राधा कृष्ण मंदिर कोटला कलां पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। संत बाबा बाल जी महाराज ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें धर्म और अध्यात्म के मार्ग पर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।

आश्रम में संगत को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संतों का सानिध्य मनुष्य के जीवन को नई दिशा प्रदान करता है। ज्ञान और सत्संग के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक शांति और आध्यात्मिक शक्ति के लिए सत्संग एवं संतों की शरण महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि भारत की पहचान सदियों से अपनी समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के कारण रही है। संत समाज ने हमेशा लोगों को धर्म, सत्य, सेवा, संस्कार और मानव कल्याण का मार्ग दिखाया है। समाज को मजबूत बनाने के लिए संतों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जोड़ने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता, सेवा, सद्भाव, संस्कार और कर्तव्य का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और श्रीमद्भागवत के संदेश में भी कर्म, धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।

आश्रम पहुंचने पर राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज एवं राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट के सचिव किशोर चंद सैनी ने मुख्यमंत्री का विधिवत स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को सिरोपा पहनाकर सम्मानित किया गया और भगवान श्रीकृष्ण की सुंदर प्रतिमा भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने सम्मान के लिए बाबा बाल जी महाराज एवं आश्रम प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज को उच्च कोटि का संत बताते हुए कहा कि उनके द्वारा लंबे समय से धर्म, अध्यात्म और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा, सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और समाज में आध्यात्मिक चेतना जगाने के लिए ऐसे संतों का होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि संतों के मार्गदर्शन में समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से भी आह्वान किया कि वे बच्चों और युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं सनातन मूल्यों से जोड़ें तथा धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें।

भागवत कथा के आयोजन के चलते मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में शीश नवाकर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

Share the news