
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
3 मई 2023
चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) लांग रूट पर 20 नई बसें चलाने जा रहा है। सभी बसें चंडीगढ़ पहुंच चुकी हैं। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित गुरुवार को इन 20 हीट वेंटिलेशन एयर कंडीशनर (एचवीएसी) बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। बसों से शुरू होने से वृंदावन, चंबा समेत नौ रूट नए शुरू होंगे। वहीं कई वर्षों से बंद पड़े कई अन्य रूटों को दोबारा शुरू किया जाएगा।
परिवहन विभाग ने इन बसों के लिए रूट और समय सारणी तैयार कर ली है। हरी झंडी दिखाने के साथ ही इन बसों को रवाना कर दिया जाएगा। सीटीयू की ये 20 बसें कुल 8984 किमी का एरिया कवर करेंगी। नए रूट में ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए भी कई बसें चलाई जा रही हैं। हरिद्वार के लिए सवारियों की संख्या काफी ज्यादा है, जिसे देखते हुए ही सीटीयू ने यह फैसला लिया है।
श्री माता वैष्णो देवी भवन कटरा के लिए जाने वाली बस सेवा को फिर शुरू किया जाएगा क्योंकि चंडीगढ़ से कटड़ा के लिए बस सर्विस शुरू करने की मांग लंबे समय से हो रही थी। सिर्फ ऋषिकेश और हरिद्वार ही नहीं, कोटद्वार, भिवानी, बठिंडा के लिए भी सीटीयू सीधी बस चलाने जा रहा है। इसके अलावा आगरा समेत कई अन्य पर्यटन स्थलों के लिए भी सीधी बसें शुरू हो रही हैं।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





