सोलन के वायराड में पहाड़ी दरकने से यातायात प्रभावित, यात्रियों से ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करने की अपील

खबर अभी अभी
सोलन:
लगातार हो रही बारिश के बीच सोलन जिले के वायराड क्षेत्र में भूस्खलन होने से शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-205) सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें सड़क पर आने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।

मार्ग बंद होने के बाद बिलासपुर पुलिस ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक मार्ग जारी किए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लें और ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें।

पुलिस के अनुसार, बिलासपुर और हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहन घुमारवीं–जुखाला–जबल पुल–रानीकोटला–खारसी–वाइडमोड़ होते हुए शिमला जा सकते हैं।

वहीं, शिमला से मंडी जाने वाले वाहनों को शिमला–वाइडमोड़–नवगांव–खारसी–रानीकोटला–बैरी मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसी तरह शिमला से बिलासपुर और हमीरपुर की ओर जाने वाले वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग से सफर कर सकते हैं।

प्रशासन और संबंधित विभाग हाईवे से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने में जुटे हुए हैं। पुलिस ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और मौसम विभाग व प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Share the news